किसान समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, निखिल द्विवेदी ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended

 

खाद, बीज, यूरिया और पेट्रोल-डीजल की कमी से जूझ रहे किसान, जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

राजनांदगांव/छत्तीसगढ़:
राजनांदगांव जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान कृषि सीजन में किसानों को खाद, बीज, यूरिया, पेट्रोल एवं डीजल की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता नहीं होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई सहकारी समितियों एवं विक्रय केंद्रों में खाद और बीज की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। वहीं, पेट्रोल और डीजल की कमी से कृषि उपकरणों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।

निखिल द्विवेदी ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दूर किया जाए और खाद, बीज, यूरिया सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Post a Comment

0 Comments