नव-नियुक्त PSI के लिए IG रामगोपाल गर्ग के सख्त निर्देश, अनुशासन और तकनीकी दक्षता पर जोर

Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended


बिलासपुर रेंज में समीक्षा बैठक, नए सब-इंस्पेक्टरों को जनता से व्यवहार, जांच कौशल और डिजिटल सिस्टम पर दिए गए अहम दिशा-निर्देश

बिलासपुर (छत्तीसगढ़):
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग ने नव-नियुक्त सब-इंस्पेक्टर (PSI) के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 10 जून 2026 को आयोजित रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अनुशासन, तकनीकी दक्षता और जनता के प्रति संवेदनशीलता को पुलिस सेवा का आधार बताया।

रक्षित केंद्र बिलासपुर स्थित चेतना भवन में आयोजित इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप-निरीक्षक शामिल हुए। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।

आईजी गर्ग ने स्पष्ट कहा कि वर्दी पहनने के बाद पुलिस अधिकारी का व्यवहार पूरे विभाग की छवि को दर्शाता है। उन्होंने कड़े अनुशासन, मर्यादित आचरण और कानून के पालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी स्वयं यातायात नियमों का पालन कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें।

तकनीकी दक्षता पर जोर देते हुए उन्होंने CCTNS सिस्टम में स्वयं एंट्री करने, ‘सशक्त’, ‘ई-साक्ष्य’, I/O मितान और ‘समाधान’ जैसे ऐप्स का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में कंप्यूटर ज्ञान, साइबर जागरूकता और सोशल मीडिया की समझ बेहद जरूरी है।

विवेचना कौशल को मजबूत करने के लिए प्रत्येक प्रशिक्षु PSI को फील्ड वर्क पर ध्यान देने, समन और वारंट की तामील करने तथा पुराने केसों की एफआईआर और चार्जशीट का अध्ययन करने को कहा गया। अनुभवी अधिकारियों से सीखने पर भी जोर दिया गया।

जनता के प्रति संवेदनशीलता को प्राथमिकता देते हुए आईजी ने कहा कि थाने में आने वाले हर व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनना और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देना पुलिस का कर्तव्य है।

इसके अलावा सभी अधिकारियों को विभागीय आचरण नियमों का पालन करने और दैनिक डायरी (डेली डायरी) नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए, जिसकी कभी भी औचक जांच की जा सकती है।

बैठक के अंत में आईजी रामगोपाल गर्ग ने सभी नव-नियुक्त उप-निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में वही छत्तीसगढ़ पुलिस की छवि और कार्यशैली को तय करेंगे।

Post a Comment

0 Comments