रायगढ़ लैलूंगा बाजार में झपटमारी गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख की संपत्ति बरामद

Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended

 

महिला आरक्षक की सतर्कता से मुख्य आरोपी पकड़ी गई, बलरामपुर से संचालित गिरोह करता था वारदात

रायगढ़/छत्तीसगढ़:
रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में साप्ताहिक बाजारों में सक्रिय झपटमार और पाकेटमार गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम सोने की चैन, एक इको कार और मोबाइल फोन सहित करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को इमलीपारा लैलूंगा निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद सशस्त्र पुलिस जवानों और महिला आरक्षक की तत्परता से एक संदिग्ध महिला को तुरंत पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पकड़ी गई महिला मंगरीता गिरी ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से आकर ग्रामीण बाजारों और मेलों में संगठित तरीके से झपटमारी और पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देता था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने जशपुर सहित अन्य जिलों में दबिश देकर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त इको वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मामले में थाना लैलूंगा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झपटमारी और पाकेटमारी जैसे अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments