रायगढ़ में फिल्मी स्टाइल रेड: नकली ब्रांडेड शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 लाख से ज्यादा का माल जब्त




रायगढ़ (छत्तीसगढ़):

रायगढ़ जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत ग्राम धनागर में की गई इस रेड में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में ग्राहक बनकर छापा मारा और अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।


पुलिस जांच में सामने आया कि यहां चायपत्ती, स्प्रिट और अन्य रसायनों का उपयोग कर नकली शराब तैयार की जा रही थी। इसके बाद इस शराब को नामी ब्रांड्स के पैकेजिंग में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। मौके से पुलिस ने 869 नग नकली शराब और करीब 240 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है।


छापेमारी के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे और कोरोना काल से ही यह नेटवर्क सक्रिय था। नकली शराब को “रॉयल स्टेज”, “आईबी”, “ब्लैक डॉग”, “गोवा”, “रिजर्व क्वार्टर” और “किंगफिशर” जैसे नामी ब्रांड्स के नाम पर पैक कर ग्राहकों को बेचा जा रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


रायगढ़ के एसएसपी शशि ने बताया कि जिले में अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।

Post a Comment

0 Comments