राजनांदगांव में अवैध डीजल कारोबार का भंडाफोड़: 500 लीटर डीजल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Photo: FB/Vikalp Shrivastav

 राजनांदगांव (छत्तीसगढ़):

राजनांदगांव जिले में अवैध डीजल भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 500 लीटर डीजल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को ग्राम घोरतलाब स्थित शेरा ढाबा में अवैध रूप से डीजल भंडारण की सूचना मिली थी। इस पर 6 जून 2026 को पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 3 लाल रंग के ड्रम और 4 नीले केनों में भरा हुआ डीजल बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा जब आरोपियों से डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही डीजल जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और नमूना सील कर पंचनामा तैयार किया।

मामले में अपराध क्रमांक 17/2026 दर्ज करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके से आरोपी उत्कर्ष मौर्य (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपी संदीप सिंह (45 वर्ष) को 8 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उत्कर्ष मौर्य के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं, जबकि संदीप सिंह के खिलाफ मारपीट, सड़क दुर्घटना सहित अन्य अपराधों के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

Post a Comment

0 Comments