![]() |
| Photo: MD Yasin |
भिलाई | 26 मई 2026
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में स्थित दक्षिण गंगोत्री में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान संजय मनहारे (35-40 वर्ष) निवासी भीम नगर, सुपेला के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, संजय मनहारे उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे का आदी भी बताया जा रहा है। मंगलवार दोपहर उसकी मौत की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के भाई संतोष मनहारे ने मृतक के सामान और कुछ कागजात को मौके पर ही आग के हवाले कर दिया। इस कदम ने आसपास मौजूद लोगों के बीच कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग इस बात को लेकर भी हैरान हैं कि आखिर पुलिस के आने के बाद भी ऐसा कैसे हो गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने प्राथमिक तौर पर नशे की हालत में मौत की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वास्तविक मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है, लेकिन सच्चाई सामने आना अभी बाकी है।
रिपोर्टर: मोहम्मद यासीन, भिलाई
आजाद संवाद, छत्तीसगढ़

0 Comments