![]() |
| Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended |
जांजगीर-चांपा में साहसी बेटी का बड़ा फैसला, नशे में धुत दूल्हे को लौटाई बारात, पुलिस ने किया सम्मानित
जांजगीर-चांपा/छत्तीसगढ़:
जांजगीर-चांपा जिले में एक विवाह समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दूल्हा शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचा और दुल्हन ने साहस दिखाते हुए शादी से इनकार कर दिया। यह घटना खोखरा गांव से कोसमंदा गांव पहुंची बारात के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, विवाह की रस्मों के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को नशे की हालत में देखा। सिंदूर रस्म के समय दूल्हे की स्थिति को देखते हुए युवती ने तुरंत बड़ा फैसला लेते हुए शादी से इनकार कर दिया और पूरी बारात को वापस लौटा दिया।
मामले में विवाद बढ़ने पर चांपा एसडीओपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। दुल्हन ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह शराब पीकर बारात में आने वाले युवक से शादी नहीं करेगी।
इस साहसी निर्णय की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। समाज में नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाली इस युवती को जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष सम्मान भी प्रदान किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने युवती को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित करते हुए उसे परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर-चांपा में महिला काउंसलर के रूप में नियुक्त किया है, ताकि वह सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक विवादों के समाधान में योगदान दे सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
युवती के इस निर्णय को महिला सम्मान, आत्मगौरव और नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह कदम समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा देने वाला साबित हो रहा है।



0 Comments