जांजगीर-चांपा में 72 घंटे में बड़ा एक्शन: इंस्टाग्राम पर निजी वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार


चार साल की दोस्ती का किया गलत फायदा, धोखे से बनाया वीडियो; विवाद के बाद सोशल मीडिया पर किया वायरल

जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)|09.06.2026


जांजगीर-चांपा जिले में रिश्तों में भरोसे का दुरुपयोग कर महिला का निजी वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी के बीच करीब चार साल से जान-पहचान थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी और सहमति के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।

समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी और अश्लील वीडियो को इंस्टाग्राम के जरिए वायरल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 289/26 के तहत मामला दर्ज किया और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 और 67(ए) के तहत कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले के त्वरित खुलासे में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो सहित थाना चांपा की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सतर्क रहें।




Post a Comment

0 Comments