
Used for news/editorial purposes only | Copyright infringement is not intended
कोंडागांव में सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, शिकायत के आधार पर हुई गिरफ्तारी
कोंडागांव/छत्तीसगढ़:
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पटवारी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री रितेश पटेल को 6 लाख 50 हजार रुपये की कथित ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी की शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, अभिराम सोरी वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पहचान ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल से हुई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रितेश पटेल ने अपने प्रभाव और ऊंचे संपर्कों का हवाला देते हुए अभिराम सोरी को पटवारी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उन्होंने 6.50 लाख रुपये की मांग की।
अभिराम सोरी ने बताया कि बेहतर भविष्य और नौकरी की उम्मीद में उन्होंने उधार लेकर यह राशि आरोपी को दी, लेकिन लंबे समय तक न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
0 Comments