कुरुक्षेत्र: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

 


कुरुक्षेत्र (हरियाणा) | 8 जून 2026

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा उर्फ शैली (62) को कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.


चौंकाने वाला है आरोपी का इतिहास

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी डॉक्टर का यह पहला अपराध नहीं है। साल 2017 में भी एक महिला ने उस पर इलाज के बहाने इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. उस समय भी वह जेल गया था, हालांकि बाद में कोर्ट से बरी हो गया.

आरोपी डॉक्टर कैथल के सिविल अस्पताल से प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (PMO) के पद से रिटायर होने के बाद LNJP अस्पताल में कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर तैनात था. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं.


महिला आयोग ने उठाए सवाल

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से पूछा है कि आरोपी डॉक्टर को दोबारा नौकरी किस आधार पर दी गई. आयोग ने साफ कहा है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा हर पहलू जांच के दायरे में आना जरूरी है.

बता दें कि आरोपी ने 29 मई को पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती नाबालिग के साथ वारदात को अंजाम दिया था. पीड़िता की हालत बिगड़ने और खून बहने लगने पर मामला उजागर हुआ. आरोपी घटना के बाद अस्पताल से फरार हो गया था, जिसे 1 जून को गिरफ्तार किया गया.


पुलिस अब क्या कर रही है?

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की निगरानी करने की बात कही है

Post a Comment

0 Comments